नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस का दुर्ग में बड़ा प्रदर्शन, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में दुर्ग बीजेपी कार्यालय घेराव की कोशिश

दुर्ग। नेशनल हेराल्ड प्रकरण को लेकर कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी कड़ी में दुर्ग जिले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया। दुर्ग स्थित राजीव भवन से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्व गृहमंत्री साहू के नेतृत्व में जुलूस के रूप में भाजपा कार्यालय की ओर रवाना हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिचरी बाजार के समीप लगाए गए पहले पुलिस बैरिकेड को हटाते हुए आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन भाजपा कार्यालय के पहले से ही भारी पुलिस बल और मजबूत बैरिकेडिंग तैनात थी। दूसरे बैरिकेड पर पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया, जिससे वे भाजपा कार्यालय तक नहीं पहुंच सके। इस दौरान कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति भी बनी रही।

बैरिकेडिंग के पास ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस न तो झुकने वाली है, न डरने वाली है और न ही टूटने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं होता और कांग्रेस सत्य की राह पर चलने वाली पार्टी है। भूपेश बघेल ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भाजपा की मोदी-शाह सरकार ने ईडी, आईटी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल कर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को बदनाम करने की साजिश रची है। नेशनल हेराल्ड मामला भी उसी राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस अन्याय के खिलाफ उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। इस दौरान पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा, जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, धीरज बाकलीवाल, मुकेश चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *