जामगांव आर। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत “आरोग्य परंपरा धरोहर” अभियान को सशक्त बनाने की दिशा में आयुष विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ग्राम बोरवाय में निःशुल्क एक दिवसीय पाटन विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर शुक्रवार, 19 दिसंबर 2025 को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक ग्राम पंचायत बोरवाय (औरी), विकासखंड पाटन, जिला दुर्ग में आयोजित होगा। शिविर में आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा सहित आयुष पद्धतियों के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं उपचार की निःशुल्क सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही आमजन को स्वस्थ जीवनशैली, रोग-निवारण एवं आयुष पद्धतियों के लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष पाटन कीर्ति नायक तथा जिला पंचायत सदस्य दुर्ग कल्पना नरद साहू उपस्थित रहेंगी। विशेष अतिथि के रूप में जनपद सदस्य पाटन रामकुमार चंद्राकर एवं ग्राम पंचायत बोरवाय की सरपंच मीनू राकेश शर्मा सहभागिता करेंगे।
आयोजन आयुष विभाग छत्तीसगढ़ शासन के संचालनालय के मार्गदर्शन में जिला आयुष अधिकारी, दुर्ग के निर्देशन में किया जा रहा है। शिविर की जिम्मेदारी शासकीय आयुर्वेद औषधालय बटरेल, विकासखंड पाटन द्वारा निभाई जा रही है। आयोजकों ने ग्राम बोरवाय एवं आसपास के ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।