दुर्ग में नशे के बड़े गिरोह का भंडाफोड़: फर्जी लाइसेंस से मंगाते थे कोडीन सिरप, 4 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फर्जी ड्रग लाइसेंस तैयार कर ई-कूरियर कंपनियों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए गुजरात से प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप मंगाकर अवैध रूप से बेच रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देशन में चौकी स्मृतिनगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 800 बोतल प्रतिबंधित CADIFOS-T सिरप, एक सेंट्रो कार, एक्टिवा, मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 5 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जुनवानी-खम्हरिया रोड पर कुछ लोग बड़ी मात्रा में नशीली सिरप की खेप लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर CG-07/8595 नंबर की सेंट्रो कार को रोका। तलाशी के दौरान कार से 7 कार्टून में पैक 800 बोतल कोडीन युक्त सिरप बरामद हुई।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी योगेश शर्मा और उमेश कुमार यादव ने असली ड्रग लाइसेंस में हेरफेर कर फर्जी लाइसेंस तैयार किया था। इन फर्जी दस्तावेजों, नकली लेटरपैड और सील के जरिए गुजरात की कंपनियों से सिरप का ऑर्डर किया जाता था। सप्लाई ई-कूरियर कंपनियों के माध्यम से मंगाई जाती थी, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य खुद को दवा कंपनी का प्रतिनिधि बताकर नेटवर्क चला रहे थे। महावीर जैन उर्फ रोहित और सतीश मेश्राम इस नेटवर्क में सप्लाई और बिक्री चैनल संभालते थे। आरोपी स्थानीय युवाओं और अन्य तस्करों को ऊंचे दामों पर यह सिरप बेचते थे, जिसका इस्तेमाल नशे के रूप में किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में योगेश शर्मा (कादम्बरी नगर, दुर्ग), उमेश कुमार यादव (पदुमनगर, चरोदा), महावीर जैन उर्फ रोहित (पोलसाय पारा, दुर्ग) और सतीश मेश्राम (शंकर नगर, दुर्ग) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 8(ख), 27(क) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही इस नेटवर्क की जड़ें खंगालने और सप्लाई चेन का विस्तार जानने के लिए जांच जारी है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि दुर्ग पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। फर्जी दस्तावेजों और कूरियर सिस्टम का दुरुपयोग कर नशे का कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *