
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने महिला एवं बाल विकास विभाग में पर्यवेक्षकों (सुपरवाइजर) के 50 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दे दी है। भर्ती प्रक्रिया के लिए जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विशेष प्रयासों से विभाग में लंबे समय से रिक्त इन पदों को भरने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार, संचालनालय महिला एवं बाल विकास द्वारा पदों की पूर्ति के लिए शासन से अनुमति मांगी गई थी। इसके बाद 13 अगस्त 2026 को वित्त विभाग ने 50 पर्यवेक्षक पदों पर भर्ती के लिए सहमति प्रदान की।
आंगनबाड़ी और पोषण योजनाओं की निगरानी में होगी अहम भूमिका
पर्यवेक्षक महिला एवं बाल विकास विभाग की मैदानी व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण अभियानों की निगरानी तथा विभिन्न सामाजिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी अहम होती है। लंबे समय से पद रिक्त होने के कारण मैदानी स्तर पर कार्य का दबाव बना हुआ था। 50 नए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति से विभागीय कामकाज को मजबूती मिलने के साथ ही शासन की योजनाओं की मॉनिटरिंग और क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा—दूर होंगी मैदानी स्तर की चुनौतियां
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार महिला एवं बाल विकास तथा माताओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। पर्यवेक्षकों की कमी से मैदानी स्तर पर मॉनिटरिंग में आ रही चुनौतियां अब दूर होंगी। नई नियुक्तियों से आंगनबाड़ी व्यवस्था और विभागीय कार्यक्षमता को और मजबूती मिलेगी। इस भर्ती से प्रदेश के योग्य अभ्यर्थियों, विशेषकर युवतियों और महिलाओं को शासकीय सेवा में आने का अवसर मिलेगा। अब अभ्यर्थियों को भर्ती विज्ञापन जारी होने का इंतजार है।