
अपने और दोनों बेटों के नाम पर 3-3 किलोवाट के सिस्टम स्थापित, कुल 9 किलोवाट सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भरता की ओर कदम
जामगांव आर। दक्षिण पाटन क्षेत्र के ग्राम सुरपा निवासी लोकेश्वर प्रसाद देवांगन ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में अनूठी पहल करते हुए अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता के तीन अलग-अलग सोलर सेटअप स्थापित कराए हैं। इस तरह उनके घर में कुल 9 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित हो गया है। लोकेश्वर प्रसाद ने तीनों सोलर सेटअप क्रमशः अपने स्वयं के नाम तथा अपने दोनों बेटों सूरज कुमार और अतीत कुमार के नाम पर लगवाए हैं। एक ही परिवार द्वारा तीन अलग-अलग सोलर सिस्टम स्थापित कराने की यह पहल क्षेत्र में चर्चा और प्रेरणा का विषय बनी हुई है।
डीलर नरेंद्र कुमार की प्रेरणा और मार्गदर्शन से मिली दिशा
लोकेश्वर प्रसाद देवांगन ने बताया कि उन्हें सौर ऊर्जा अपनाने की प्रेरणा धरमगुड़ी के सोलर डीलर नरेंद्र कुमार से मिली। नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन, तकनीकी सहयोग और प्रोत्साहन से उन्होंने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में यह बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल बिजली की जरूरतों को पूरा करने का बेहतर माध्यम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण है।
परिवार की पहल से क्षेत्र में बढ़ी जागरूकता
अपने और दोनों बेटों के नाम पर सोलर सेटअप स्थापित कर लोकेश्वर प्रसाद ने नई पीढ़ी को स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा अपनाने का संदेश दिया है। उनके इस कदम की सुरपा सहित आसपास के क्षेत्र में सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही घर में कुल 9 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाना निश्चित रूप से लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। लोकेश्वर प्रसाद देवांगन का परिवार अब क्षेत्र में सौर ऊर्जा के उपयोग और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है।