
बागेश्वर धाम से लौटते समय झांसी-ललितपुर मार्ग पर ट्रक से कार की टक्कर, डॉक्टरों ने बताया हालत स्थिर
रायपुर, 29 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश में एक सड़क हादसे में घायल हो गए। हादसा झांसी-ललितपुर मार्ग पर उस समय हुआ, जब वे गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बागेश्वर धाम में दर्शन कर परिवार के साथ लौट रहे थे। दुर्घटना में उन्हें कमर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। फिलहाल उनका उपचार झांसी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किरण सिंह देव की कार झांसी और ललितपुर के बीच यात्रा कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। तेज ब्रेक लगने से कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पास से गुजर रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किरण सिंह देव घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है।
बताया जा रहा है कि किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने निजी कार्यक्रम के तहत बागेश्वर धाम गए थे। दर्शन के बाद परिवार के साथ लौटते समय यह सड़क हादसा हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।