
रायपुर, 24 सितंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छत्तीसगढ़ और झारखंड समेत कई राज्यों में प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री (संगठन) रहे पवन साय को झारखंड भेजा गया है, जबकि झारखंड में यह जिम्मेदारी संभाल रहे कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। नियुक्तियां 24 सितंबर से प्रभावी बताई गई हैं।
रांची से अब संगठन संभालेंगे पवन साय
पवन साय लंबे समय से छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाल रहे थे। नई नियुक्ति के बाद उनका केंद्र रांची रहेगा और वे झारखंड भाजपा के संगठन महामंत्री के रूप में काम करेंगे।
कर्मवीर सिंह को रायपुर की जिम्मेदारी
झारखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) रहे कर्मवीर सिंह अब छत्तीसगढ़ संगठन की कमान संभालेंगे। उनका केंद्र रायपुर रहेगा। कर्मवीर इससे पहले उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में भी जिम्मेदारी निभा चुके हैं और अगस्त 2022 से झारखंड में प्रदेश महामंत्री (संगठन) के पद पर कार्यरत थे
अजय जामवाल और शिवप्रकाश की भी बदली भूमिका
संगठनात्मक फेरबदल में छत्तीसगढ़ से जुड़े क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं शिवप्रकाश को छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों के लिए राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा ने इस फेरबदल के तहत कई राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां बदली हैं। छत्तीसगढ़ में कर्मवीर सिंह की नियुक्ति के बाद अब प्रदेश भाजपा संगठन के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।