दुर्ग में नशे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 गांजा तस्कर गिरफ्तार, 6.5 किलो गांजा और बाइक-मोबाइल जब्त

दुर्ग-भिलाई। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नेवई-उतई थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 6.5 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पहली कार्रवाई: रिसाली में आरोपी रंगे हाथ पकड़ा गया
19 मार्च को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने रिसाली क्षेत्र में दबिश दी। यहां आरोपी कविराज लीमा (45) को गांजा बेचने की फिराक में रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 3.554 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.75 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।

दूसरी कार्रवाई: पतोरा में दो तस्कर धराए
इसी तरह ग्राम पतोरा क्षेत्र में पुलिस ने मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे दो युवकों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से 2.975 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2.40 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिलेश कुमार प्रजापति (26) निवासी पतोरा और नंद कुमार यादव (36) निवासी उतई के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में जुड़े अन्य तस्करों की तलाश जारी है। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *