रायपुर, 21 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ठगों ने फिल्मी अंदाज में “ड्रीम गर्ल” स्टाइल अपनाकर लोगों को निशाना बनाया। बीमा पॉलिसी मैच्योर होने और मोटा बोनस मिलने का झांसा देकर आरोपियों ने लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पुलिस ने इस हाईटेक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली से इसके मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के सेजबहार निवासी एक व्यक्ति को ठगों ने फोन कर खुद को बीमा कंपनी का प्रतिनिधि बताया। खास बात यह रही कि कॉल करने वाले ने लड़की की दिलकश आवाज में बात की, जिससे पीड़ित को जरा भी शक नहीं हुआ। ठगों ने भरोसा जीतकर बीमा पॉलिसी मैच्योर होने और बोनस दिलाने का लालच दिया और अलग-अलग बहानों से कुल 9.69 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ, तब उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान लोकेशन ट्रैकिंग और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पता चला कि यह पूरा गिरोह नोएडा के एक पॉश इलाके से संचालित हो रहा था। ठगों ने गौर सिटी मॉल में एक आलीशान ऑफिस खोल रखा था, जिसे देखकर कोई भी इसे वैध कॉल सेंटर समझ सकता था, लेकिन अंदर से यह साइबर ठगी का संगठित अड्डा निकला।
रायपुर पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में दबिश देकर गिरोह के मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहे थे और देश के कई राज्यों में लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी हाईटेक मोबाइल एप्लीकेशन का इस्तेमाल कर अपनी आवाज को महिला की आवाज में बदल लेते थे। इसी चाल के कारण लोग आसानी से उनके झांसे में आ जाते थे और अपनी निजी जानकारी व बैंक डिटेल साझा कर देते थे। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, पिछले डेढ़ साल में छत्तीसगढ़ में 100 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले सामने आ चुके हैं। यह घटना एक बार फिर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी देती है कि किसी भी अनजान कॉल, विशेषकर बीमा, बैंक या लॉटरी से जुड़े लालच में न आएं और अपनी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचें।