रायपुर। राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित ‘फर्जी कैफे’ में देर रात चल रही पार्टी पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए रेड मारी। तेलीबांधा थाना पुलिस ने मौके से डीजे सिस्टम जब्त कर लिया और कोलाहल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही कैफे का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे सूचना मिली थी कि बेबीलॉन इंटरनेशन परिसर स्थित कैफे में तेज आवाज में डीजे के साथ लेट नाइट पार्टी आयोजित की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद तेलीबांधा पुलिस की टीम रात लगभग 1:15 बजे मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कैफे के अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद मिले। तेज ध्वनि में डीजे बज रहा था और देर रात तक फूड व ड्रिंक्स सर्व किए जा रहे थे।
पुलिस ने मौके से डीजे सिस्टम जब्त कर लिया और संबंधित संचालकों के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की। मामले में सोमवार को न्यायालय में इस्तगासा भी प्रस्तुत किया गया है। एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि बिना अनुमति देर रात तक पार्टी आयोजित करना और तेज आवाज में संगीत बजाना नियमों का उल्लंघन है। इसी के चलते कैफे का लाइसेंस रद्द करने के लिए कलेक्टर को पत्र भेजा गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में लेट नाइट पार्टी, ध्वनि प्रदूषण और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले कैफे और क्लब संचालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।