रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (AICC) के ओबीसी विभाग ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के OBC कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए प्रदेशभर में 39 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की घोषणा की है। नई सूची में शहर और ग्रामीण इकाइयों को मिलाकर 33 जिलों में पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति संबंधी आदेश OBC विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद द्वारा जारी किया गया। कांग्रेस संगठन ने इसे आगामी राजनीतिक गतिविधियों और बूथ स्तर तक संगठन विस्तार की दिशा में अहम कदम बताया है। जारी सूची के अनुसार रायपुर शहर OBC कांग्रेस का अध्यक्ष लक्ष्मण सेन को बनाया गया है, जबकि रायपुर ग्रामीण की कमान मुकेश साहू को सौंपी गई है। धमतरी शहर में प्रमोद सिन्हा और धमतरी ग्रामीण में लखेश्वर साहू को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा बलौदाबाजार शहर में गणेश शंकर साहू, बलौदाबाजार ग्रामीण में घनश्याम पटेल, गरियाबंद में गजेंद्र साहू तथा महासमुंद ग्रामीण में कुनाल चंद्राकर को जिम्मेदारी दी गई है। दुर्ग शहर से शिशिरकांत कसार और दुर्ग ग्रामीण से संतोष देशमुख को संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजनांदगांव शहर में सचिन दुरहटे और ग्रामीण क्षेत्र में रोशन साहू को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में भैयाराम यदु, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में पुरुषोत्तम वर्मा तथा कांकेर में सुखचंद प्रजापति को नई जिम्मेदारी दी गई है।
बिलासपुर ग्रामीण की कमान सुनील साहू को सौंपी गई है, जबकि मुंगेली में अभिलाष जायसवाल, कोरबा शहर में गजानंद साहू और कोरबा ग्रामीण में राजेश मानिकपुरी को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रायगढ़ शहर में कन्हैया पटेल, रायगढ़ ग्रामीण में बबलू साहू, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में मितेंद्र यादव, जशपुर में चंद्रदीप यादव तथा सरगुजा में ईश्वर सोनी को नई जिम्मेदारी मिली है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इन नियुक्तियों से प्रदेश में पिछड़ा वर्ग समुदाय के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत होगी और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने में मदद मिलेगी। पार्टी ने इसे आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक विस्तार का हिस्सा बताया है।