
रायपुर। छत्तीसगढ़ी फिल्म RJ बस्तर ने 79वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपनी खास पहचान दर्ज कराई है। फिल्म की ‘स्पेशल स्क्रीनिंग’ के दौरान अंतरराष्ट्रीय दर्शकों और सिनेमा प्रेमियों ने जोरदार तालियों के साथ इसका स्वागत किया। बस्तर की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म की संवेदनशील कहानी और मजबूत सामाजिक संदेश को काफी सराहना मिली। फिल्म का निर्देशन मनीष माणिकपुरी ने किया है, जबकि इसे पीकेएस प्रोडक्शन के बैनर तले पवन कुमार सिंह ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में चंदन रॉय मुख्य भूमिका में नजर आए हैं, जो वेब सीरीज पंचायत से लोकप्रिय हुए हैं।
फिल्म की कहानी बस्तर की एक आदिवासी युवती के संघर्ष और सपनों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कठिन परिस्थितियों और संसाधनों की कमी के बावजूद रेडियो जॉकी बनने का सपना देखती है। फिल्म में संघर्ष, आत्मविश्वास और सपनों को पूरा करने की जिद को बेहद संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है। अभिनेता चंदन रॉय ने फिल्म की स्क्रीनिंग पर खुशी जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा की फिल्म का कान्स जैसे प्रतिष्ठित मंच पर पहुंचना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि फिल्म जल्द ही दर्शकों के बीच होगी और इसकी कहानी लोगों के दिलों को जरूर छुएगी।
कान्स में मौजूद दर्शकों और फिल्म समीक्षकों ने फिल्म में गांव और आदिवासी जीवन के वास्तविक चित्रण की जमकर तारीफ की। कई लोगों ने इसे भारत के दूरदराज इलाकों की अनसुनी कहानियों को दुनिया के सामने लाने वाली प्रभावशाली फिल्म बताया। फिल्म में चित्राशी रावत, नेहा साहू, हर्ष राजपूत, संजय महानंद, सुनील तिवारी, पुष्पेंद्र सिंह और अन्य कलाकारों ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म के गीतों को शान, कृष्णा बेओरा और अनुराग शर्मा ने आवाज दी है।
फिल्म की शूटिंग बस्तर के कई इलाकों और रायपुर में की गई है। कान्स में मिली सराहना के बाद अब फिल्म की रिलीज को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह और बढ़ गया है। कान्स फिल्म फेस्टिवल में ‘स्पेशल स्क्रीनिंग’ का अर्थ होता है कि फिल्म को फेस्टिवल के चयनित कार्यक्रम में आधिकारिक तौर पर प्रदर्शित किया जा रहा है, हालांकि वह मुख्य प्रतियोगिता में पुरस्कार की दौड़ में शामिल नहीं होती। इसके बावजूद यह दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म मंचों में से एक माना जाता है, जहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म समीक्षक, निर्माता, वितरक और ओटीटी प्लेटफॉर्म मौजूद रहते हैं।