
अधिकारियों के तबादले पर बनी सहमति; कई दिनों से जारी प्रशासनिक गतिरोध समाप्त होने की उम्मीद
अंबिकापुर, 3 जून 2026। पिछले कई दिनों से राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बने विधायक-नायब तहसीलदार विवाद के शांत होने के संकेत मिलने लगे हैं। मामले में उस समय बड़ा मोड़ आया, जब नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट के दो आरोपियों ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद विवाद के पटाक्षेप की संभावनाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और भाजपा नेताओं के बीच हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में पूरे विवाद को समाप्त करने को लेकर सहमति बनी है। बैठक में मामले के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और समाधान निकालने की दिशा में सकारात्मक पहल हुई। जानकारी यह भी सामने आई है कि बैठक में नायब तहसीलदार तुषार माणिक और एसडीएम फागेश सिन्हा के स्थानांतरण को लेकर भी चर्चा हुई। सूत्रों का दावा है कि दोनों अधिकारियों को सीतापुर विधानसभा क्षेत्र से हटाने पर सहमति बन गई है। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।
इधर, विवाद के विरोध में तहसीलदार और नायब तहसीलदार संघ द्वारा शुरू की गई हड़ताल भी अब समाप्त होने की कगार पर पहुंच गई है। कर्मचारी संगठनों के सूत्रों का कहना है कि देर शाम तक हड़ताल समाप्त करने को लेकर औपचारिक घोषणा की जा सकती है। गौरतलब है कि नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी। कर्मचारी संगठनों ने विरोध स्वरूप हड़ताल शुरू कर दी थी, जिससे राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे थे। वहीं राजनीतिक स्तर पर भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी था। अब आरोपियों के सरेंडर और दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति के बाद माहौल सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है। प्रशासन, कर्मचारी संगठनों और जनप्रतिनिधियों के अगले कदम पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।