शराब घोटाले में बड़ा अपडेट : चालान पेश होते ही सौम्या चौरसिया और केके श्रीवास्तव को मिली रिहाई, हाईकोर्ट से मिली जमानत के बाद मिली राहत

रायपुर | छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में जेल में बंद रही पूर्व अधिकारी सौम्या चौरसिया और कथित तांत्रिक केके श्रीवास्तव को बुधवार को जेल से रिहा कर दिया गया। दोनों को एक महीने पहले हाईकोर्ट से जमानत मिली थी, जिसमें शर्त रखी गई थी कि मामले में चालान पेश होने के बाद ही रिहाई होगी। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने रायपुर की विशेष अदालत में 1500 पन्नों का आठवां पूरक चालान पेश किया, जिसके बाद दोनों की रिहाई का रास्ता साफ हुआ। चालान में घोटाले के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपसचिव रहीं सौम्या चौरसिया, केके श्रीवास्तव और देवेंद्र डडसेना की भूमिका का विस्तृत उल्लेख किया गया है। जेल से बाहर आने के बाद केके श्रीवास्तव ने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से व्यक्तिगत संबंध रहे हैं और “किसी से मित्रता रखना कोई अपराध नहीं है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका किसी राजनीतिक दल से सीधा संबंध नहीं है।

EOW के अनुसार अब तक इस मामले में 51 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। जांच एजेंसी ने चालान में घोटाले से जुड़े लेन-देन, दस्तावेजों और साक्ष्यों को शामिल किया है। जांच में देवेंद्र डडसेना की भूमिका वित्तीय प्रबंधन और अवैध धन के लेन-देन में अहम बताई गई है। वहीं केके श्रीवास्तव पर आरोप है कि उन्होंने कथित सिंडिकेट के कैश नेटवर्क को संभालने, अवैध उगाही और धन के निवेश में सक्रिय भूमिका निभाई। सौम्या चौरसिया पर अपने पद का दुरुपयोग कर घोटाले से जुड़े नेटवर्क को प्रशासनिक संरक्षण देने और समन्वय स्थापित करने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि उनकी संलिप्तता से शासन को राजस्व का बड़ा नुकसान हुआ।

गौरतलब है कि इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रही है। जांच में 3200 करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले का अनुमान जताया गया है। आरोप है कि एक संगठित सिंडिकेट के जरिए अवैध वसूली, नकली होलोग्राम के माध्यम से शराब बिक्री और सप्लाई जोन में हेरफेर कर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गईं। EOW ने स्पष्ट किया है कि मामले में अन्य संबंधित व्यक्तियों, कंपनियों और संस्थाओं की जांच अभी जारी है तथा आगे भी पूरक चालान पेश किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *