
जामगांव आर । शासकीय हाई स्कूल सुरपा में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष प्रमोद जैन के जन्मदिवस के अवसर पर एक गरिमामयी एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री जैन ने विद्यालय परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री किशोर यादव, श्री लोकेश्वर रजक, श्री अशोक पटेल, श्री देवानंद देवांगन, श्री रिगेश्वर सिन्हा तथा श्री नरेन्द्र कुमार धरमगुड़ी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने श्री प्रमोद जैन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान उन्हें पौधा भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद प्रतिनिधि श्री नरेन्द्र कुमार धरमगुड़ी ने कहा कि प्रमोद जैन पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव जागरूकता फैलाने का कार्य करते रहे हैं। वे समाज को प्रकृति से जोड़ने और हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, जो सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। वृक्षारोपण के पश्चात श्री प्रमोद जैन ने उपस्थित जनों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के विशेष अवसरों जैसे जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ अथवा अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधे केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अपने-अपने जन्मदिवस एवं विशेष अवसरों पर पौधारोपण करने का सामूहिक संकल्प लिया।