हाईवे पर तलवार से केक काटकर मनाया बर्थडे, वीडियो वायरल : पुलिस ने 15 युवकों को दबोचा, 9 नाबालिग शामिल

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार रात रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। नेशनल हाईवे पर किशोरों और युवकों के एक समूह ने बीच सड़क पर जाम लगाकर बर्थडे पार्टी मनाई और तलवार से केक काटा। इस दौरान युवकों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया।

वीडियो में करीब 15 युवक हाईवे पर खड़े नजर आ रहे हैं, जिनमें से एक युवक तलवार से केक काट रहा है, जबकि अन्य युवक डांस करते और नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक यह कहते हुए भी सुनाई दिया – “भाई चारा इतना बनाए रखा कि शौक नहीं है लुगाई का, क्योंकि आज बर्थडे है जानू भाई का।” यह घटना रतनपुर और रानीगांव के बीच बने ओवरब्रिज के पास की बताई जा रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और ग्राम खैरखुंडी के 15 युवकों को पकड़ लिया। इनमें से 9 नाबालिग हैं और शेष की उम्र भी मुश्किल से 18 वर्ष के आसपास है। पुलिस ने इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया है। पकड़े गए युवकों में रूपेश केवर्त, कमलेश सरवन, रितेश नायक, कर्ण सिंह, रणजीत केवट और अभ्युदय भारद्वाज के नाम सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि हाईवे पर इस तरह की हरकत कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही हाई कोर्ट ने मस्तूरी रोड पर स्टंट करने के मामले में पुलिस को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। उसी निर्देश को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तलवार से केक काटने वाले इस समूह पर सख्त कार्रवाई की। प्रशासन ने साफ किया है कि सड़क पर ट्रैफिक रोककर जश्न मनाना, हथियार लहराना और ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर डालना गंभीर अपराध है। पुलिस ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *