जामगांव आर। सेवा सहकारी समिति जामगांव आर के प्राधिकृत अध्यक्ष एवं ग्राम औंरी निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता भगवान सिंह चन्द्राकर को पार्टी से निष्कासित करने की मांग पर भाजपा जामगांव आर मंडल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मंडल पदाधिकारियों ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस मांग को पूर्णतः निराधार, दुर्भावनापूर्ण एवं व्यक्तिगत स्वार्थ से प्रेरित बताया है।
गौरतलब है कि ग्राम औंरी के भाजपा कार्यकर्ता चंद्रिका चन्द्राकर, राकेश शर्मा ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर दुर्ग सांसद विजय बघेल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष से शिकायत करते हुए भगवान सिंह चन्द्राकर पर संगठनविरोधी गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप लगाकर निष्कासन की मांग की थी।
इस आरोप के जवाब में मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू ने कहा, श्री चन्द्राकर भाजपा के निष्ठावान और जमीनी स्तर पर काम करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने हर चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के लिए मेहनत की है। ऐसे कार्यकर्ता पर आरोप लगाना दुर्भाग्यजनक है। पूर्व मण्डल अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने भी उनका समर्थन करते हुए कहा कि बीते पंचायत चुनावों में श्री चन्द्राकर ने जिला और जनपद दोनों स्तरों के प्रत्याशियों को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन पर लगाए गए आरोप केवल राजनीतिक द्वेष का परिणाम हैं।
■ शराब दुकान खोलने का विरोध करना कुछ लोगों को रास नही आया-भगवान सिंह
भगवान सिंह चन्द्राकर ने स्वयं मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ग्राम औंरी में शराब दुकान खोले जाने की सूचना पर उन्होंने ग्रामीणों, खासकर महिलाओं की भावनाओं के अनुरूप उसका विरोध किया था। शराब दुकान का विरोध करना कुछ लोगों को रास नहीं आया, इसी वजह से मेरे खिलाफ साजिश रचते हुए झूठी शिकायत की गई है ।
◆ नेताओं ने संगठन में एकता और अनुशासन बनाये रखने की अपील की –
भाजपा जामगांव आर मंडल ने जांच के बाद यह स्पष्ट कर दिया है कि आरोप बेबुनियाद हैं और श्री चन्द्राकर पार्टी के प्रति पूर्णतः समर्पित हैं। मंडल ने ऐसे निराधार आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए संगठन में एकता और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।