जामगांव आर। भारतीय जनता पार्टी मंडल जामगांव आर के अध्यक्ष कमलेश साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा से सौजन्य भेंट कर क्षेत्र की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने जामगांव आर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना, उपतहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा दिलाने तथा रानीतराई स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी जैसे प्रमुख जनहितकारी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और इस आशय का एक ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधियों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र की आबादी व विकास की दृष्टि से स्वास्थ्य, प्रशासनिक सुविधा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आवश्यक है। इस दौरान श्री सिन्हा ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर यथासंभव सहयोग करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंडल अध्यक्ष लालेश्वर साहू, मंडल महामंत्री पूर्णेन्द्र सिन्हा, शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष नरेश केला एवं जामगांव आर के उपसरपंच मुकेश साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।