दुर्ग । पूर्व गृहमंत्री एवं दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के पूर्व विधायक ताम्रध्वज साहू इन दिनों अपने क्षेत्र में जनसंपर्क दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने ग्राम करगाडीह, बोरीगारका, जंजगिरी, मतवारी, रिसामा, मातारोडीह एवं कातरो में लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सबसे बड़ी शिकायत यह की कि उन्हें मनरेगा के तहत काम नहीं मिल रहा है, जिससे उनकी आजीविका संकट में है।
पूर्व मंत्री साहू ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय प्रत्येक व्यक्ति को 100 दिनों का रोजगार दिया जाता था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार, जिसे वे ‘डबल इंजन सरकार’ कहते हैं, ने मनरेगा को कमजोर कर मजदूरों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने दावा किया कि पहले जिले में लगभग 1.5 लाख मजदूर मनरेगा के अंतर्गत काम करते थे, लेकिन अब यह संख्या घटकर मात्र 10,000 रह गई है। इससे मजदूर बेरोजगारी के कारण पलायन को मजबूर हो रहे हैं।
साहू ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां आम जन के खिलाफ हैं और मजदूरों, किसानों, महिलाओं और युवाओं को निराश कर रही हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक युवाओं और महिलाओं को पार्टी से जोड़ें। जनसंपर्क के दौरान साहू ने संबंधित विभागों को ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराते हुए जल्द समाधान की मांग भी की।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप चन्द्रकार, केश शिल्प कला बोर्ड के अध्यक्ष नंद कुमार सेन, पूर्व जनपद अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, पूर्व सरपंच संघ अध्यक्ष रिवेन्द्र यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगिता चन्द्रकार, लक्ष्मी साहू, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पुष्पा साहू सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।