भारत-पाक सीमा से सटे छह राज्यों में ‘ऑपरेशन शील्ड’ मॉकड्रिल स्थगित, पंजाब में अब 3 जून को होगी अभ्यास

YC न्यूज़ डेस्क – भारत-पाकिस्तान सीमा से लगे छह राज्यों में गुरुवार को प्रस्तावित ‘ऑपरेशन शील्ड’ मॉकड्रिल को स्थगित कर दिया गया है। इन राज्यों में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और चंडीगढ़ शामिल हैं। हालांकि, पंजाब में यह अभ्यास अब 3 जून को किया जाएगा, जबकि अन्य राज्यों के लिए नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।

इस मॉकड्रिल का उद्देश्य युद्ध या आतंकी हमले जैसी आपात परिस्थितियों में आम नागरिकों और प्रशासन की तत्परता का आकलन करना है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर यह देशव्यापी सुरक्षा कवायद की श्रृंखला का हिस्सा है।

पिछली बार 7 मई को हुई थी देशभर में ब्लैकआउट एक्सरसाइज
7 मई 2025 को देश के 244 सिविल डिफेंस जिलों में मॉकड्रिल और 12 मिनट की ब्लैकआउट एक्सरसाइज की गई थी। इस दौरान पूरे देश के संवेदनशील क्षेत्रों में बिजली बंद कर, हमले की स्थिति में नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का अभ्यास किया गया। 1971 के भारत-पाक युद्ध के बाद यह सबसे बड़ा सुरक्षा अभ्यास था।

क्यों हो रही हैं ये मॉकड्रिल्स?
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर जवाबी एयरस्ट्राइक की थी। इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया, जिसमें भारतीय सेना ने 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया था। इसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव चरम पर है, और इन्हीं हालातों के मद्देनजर यह सुरक्षा अभ्यास कराया जा रहा है।

क्या होती है मॉकड्रिल और ब्लैकआउट एक्सरसाइज?

  • मॉकड्रिल: किसी आपात स्थिति जैसे कि बम हमला, एयरस्ट्राइक या आतंकी हमले की आशंका में यह देखा जाता है कि प्रशासन, सुरक्षा बल और आम नागरिक कितनी जल्दी और प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया देते हैं।
  • ब्लैकआउट एक्सरसाइज: तय समय के लिए क्षेत्र की बिजली बंद कर दी जाती है ताकि दुश्मन को टारगेटिंग में मुश्किल हो और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में आसानी हो।

देश में 259 सिविल डिफेंस जिलों की पहचान
भारत सरकार ने देशभर में कुल 259 जिलों को सिविल डिफेंस डिस्ट्रिक्ट्स के रूप में चिह्नित किया है। इन्हें उनकी संवेदनशीलता के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है:

  • कैटेगरी 1: सबसे अधिक संवेदनशील 13 जिले (जैसे बुलंदशहर, जहां नरौरा न्यूक्लियर प्लांट है)
  • कैटेगरी 2: 201 जिले
  • कैटेगरी 3: 45 जिले

आगे की तैयारी
गृह मंत्रालय के मुताबिक, स्थगित मॉकड्रिल जल्द ही पुनर्निर्धारित की जाएंगी। मंत्रालय का कहना है कि युद्ध या आतंकी हमले की स्थिति में नागरिकों की जान और संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अभ्यास इसी उद्देश्य को पूरा करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *