
बाउंड्रीवाल निर्माण, रिक्त पदों पर भर्ती और लैब टेक्नीशियन की मूल पदस्थापना की उठाई मांग, मंत्री ने शीघ्र कार्रवाई का दिया भरोसा
रायपुर/रानीतराई। भाजपा मंडल जामगांव आर के महामंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता निर्मल जैन ने छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल से रायपुर स्थित भाजपा कार्यालय में मुलाकात कर रानीतराई अंचल की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। निर्मल जैन ने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष रानीतराई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग रखी। इसके अलावा अस्पताल में लंबे समय से रिक्त पड़े वार्ड बॉय, वार्ड आया और स्वीपर के पदों पर शीघ्र नियुक्ति करने का आग्रह किया।
उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र करेला, असोगा और बोरिद में महिला एवं पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों को भी जल्द भरने की मांग की, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
भाजपा नेता ने यह भी बताया कि रानीतराई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ लैब टेक्नीशियन श्वेता भारद्वाज वर्तमान में अन्य स्थान पर सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने मांग की कि उन्हें तत्काल उनके मूल पदस्थापना स्थल रानीतराई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वापस पदस्थ किया जाए, जिससे मरीजों को जांच संबंधी सुविधाएं समय पर मिल सकें। बताया गया कि मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक मामलों में शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर भाजपा मंडल जामगांव आर के महामंत्री निर्मल जैन के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता एवं शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर के अध्यक्ष नरेश केला, मंडल महामंत्री पूर्णेन्द्र सिन्हा तथा संतोष साहू भी उपस्थित रहे।