
पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक 4 के उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी सुरेंद्र साहू के समर्थन में आज छत्तीसगढ़ शासन के तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार कौशल विकास तथा अनुसूचित जाति विभाग के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जनसंपर्क एवं चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री खुशवंत साहेब शाम 4:30 बजे ग्राम पहन्दा पहुंचेंगे, जहां वे भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र साहू के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली में शामिल होकर आमजन से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करेंगे। इसके बाद वे शाम 6:00 बजे ग्राम सांकरा पहुंचेंगे। यहां वे परम पूज्य गुरु घासीदास जी के जय स्तंभ में पूजा-अर्चना कर चुनावी सभा, नुक्कड़ बैठक एवं सामाजिक कार्यक्रम में भाग लेंगे।
भाजपा नेताओं का दावा है कि क्षेत्र में पार्टी को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। भाजपा अमलेश्वर मंडल के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।