हाईवे पर बर्थडे रील बनाना पड़ा भारी, चलती स्कॉर्पियो की छत पर आतिशबाजी करने वाले युवक-युवती गिरफ्तार

हाईवे पर बर्थडे रील बनाना पड़ा भारी, चलती स्कॉर्पियो की छत पर आतिशबाजी करने वाले युवक-युवती गिरफ्तार

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए नेशनल हाईवे पर जन्मदिन मनाना और आतिशबाजी करना युवाओं को महंगा पड़ गया। कोनी थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक और एक युवती को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं रील बनाने में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार रतनपुर-रायपुर सर्विस रोड पर चलती स्कॉर्पियो की छत पर खड़े होकर युवाओं द्वारा जन्मदिन मनाने, केक काटने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में खुलेआम यातायात नियमों की अनदेखी की जा रही थी। इस दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।

वीडियो वायरल होने के बाद कोनी थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 की पहचान कर संबंधित लोगों तक पहुंच बनाई। जांच के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर चालक सहित एक महिला के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक पिछले दो दिनों में इस तरह के दो अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं, जिनमें सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक तरीके से रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की कोशिश की गई। दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने के लिए सड़क पर स्टंट करना बेहद खतरनाक है। इससे न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन होता है, बल्कि खुद की और दूसरों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *