रायपुर/सूरजपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति को झकझोर देने वाली एक मार्मिक घटना सामने आई है। भाजपा के तत्कालीन मंडल महामंत्री विशंभर यादव ने गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी से टूटकर मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। सड़क हादसे में स्थायी विकलांगता झेल रहे यादव ने पत्र लिखकर अपनी व्यथा प्रकट की। जैसे ही यह मामला सामने आया, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विशंभर यादव और उनकी पत्नी से फोन पर बात की और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे इस कठिन समय में अकेले नहीं हैं। भूपेश बघेल ने कहा कि रायपुर में उनके इलाज की संपूर्ण व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने X (पूर्व ट्विटर) पर लिखा —
“सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया। सर्वे भद्राणि पश्यन्तु मा कश्चित् दुःखभाग् भवेत्।”
साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विशंभर यादव को अच्छा इलाज दिलाना और उन्हें स्वस्थ करना उनकी प्राथमिकता होगी।
हादसे की पृष्ठभूमि
जुलाई 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रायपुर सभा में शामिल होने के लिए सूरजपुर जिले के कार्यकर्ताओं को लेकर जा रही बस बेमेतरा के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई थी, जबकि तत्कालीन भाजपा मंडल महामंत्री विशंभर यादव गंभीर रूप से घायल हुए। दिल्ली एम्स में उनका रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन हुआ, लेकिन वे स्थायी रूप से दिव्यांग हो गए। एक माह से अधिक इलाज के दौरान करोड़ों रुपये का खर्च परिवार ने स्वयं वहन किया।
आर्थिक संकट और नाराजगी
विशंभर यादव के अनुसार, पिछले दो वर्षों में इलाज पर 30 से 35 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं और हर महीने 30 से 40 हजार रुपये का मेडिकल खर्च हो रहा है। इलाज के चलते परिवार की सारी जमा पूंजी खत्म हो गई, पत्नी के जेवर बिक गए और रिश्तेदारों से कर्ज लेना पड़ा। उन्होंने दुख जताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को “रीढ़ की हड्डी” बताने वाली भाजपा अब उनकी सुध तक नहीं ले रही है। उनके शिक्षित पुत्रों को नौकरी तक नहीं दिलाई गई और पार्टी नेताओं से मदद मांगने के प्रयास विफल रहे।
इच्छा मृत्यु की मांग
आर्थिक और मानसिक संकट से टूटकर विशंभर यादव ने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी है। उनका कहना है कि जब जीना ही बोझ बन जाए और इलाज का खर्च उठाना संभव न हो, तो मर जाना ही उचित है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए उन्हें रायपुर बुलाया है और इलाज व पुनर्वास की पूरी जिम्मेदारी लेने का भरोसा दिया है।