
दुर्ग । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर की तरह छत्तीसगढ़ में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा नेता और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मंदिरों में पूजा-अर्चना कर रहे हैं तथा सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में भाजपा छत्तीसगढ़ के प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा और दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने युवा चैनल न्यूज़ के एडिटर मनीष चंद्राकर से विशेष चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियों और देश में आए बदलावों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
दुर्ग सांसद विजय बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उन्होंने सच्चे अर्थों में एक प्रधान सेवक के रूप में अपना जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया है। सांसद बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और निर्णयों ने देश को नई दिशा दी है तथा उनकी कार्यशैली ने शासन को अधिक जवाबदेह और जनकेंद्रित बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत किया है। साथ ही विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के 12 वर्ष के कार्यकाल को “संकल्प से सिद्धि” तक की गौरवशाली यात्रा बताया। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होगा और विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को हासिल करेगा।
“गरीब कल्याण और विकास को मिला नई गति: जितेंद्र वर्मा
प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा ने कहा कि 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के साथ ही भारत की विकास यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई थी। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने आर्थिक विकास, सामाजिक कल्याण, डिजिटल परिवर्तन, आत्मनिर्भर भारत अभियान, आधारभूत संरचना के विस्तार और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उनके अनुसार केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है और “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र शासन की कार्यशैली का आधार बना है। श्री वर्मा ने कहा कि डिजिटल इंडिया, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन तथा आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर पहले से अधिक मजबूत और प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है।