रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भारतीय जनता पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ। यह संगठनात्मक कार्यशाला प्रदेश संगठन को और मजबूत बनाने तथा आने वाले समय के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर केंद्रित रही। बैठक में प्रदेश भाजपा के सभी नए पदाधिकारियों को संगठन की दिशा, कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लता उसेंडी, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने भी पदाधिकारियों को सीधे तौर पर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया।
बैठक में 476 मंडल और 36 संगठन जिलों के अध्यक्ष, प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, सभी मोर्चों के अध्यक्ष और प्रकोष्ठों के संयोजक शामिल हुए। पूरे दिन चली इस बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार की रणनीति पर चर्चा की गई तथा बूथ स्तर तक संगठन की जड़ों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
हाल ही में भाजपा ने बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाकर 60 लाख नए सदस्य जोड़े हैं। इसके बाद बूथ स्तर तक चुनाव कराए गए और मंडलों की संख्या 405 से बढ़ाकर 476 तथा संगठनात्मक जिलों की संख्या 35 से बढ़ाकर 36 कर दी गई। कई मंडलों व जिलों में नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर संगठन में नई ऊर्जा और सोच लाने का प्रयास किया गया है। हालांकि, रायपुर ग्रामीण जिला ऐसा रहा, जहां पुराने अध्यक्ष को ही दोबारा मौका दिया गया।