“गुड बाय टेंशन अलविदा तनाव” शिविर का समापन, ब्रह्माकुमारी पूनम दीदी ने कहा—हर विचार की ऊर्जा हमारे जीवन को प्रभावित करती है

भिलाई। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा सेक्टर-7 स्थित पीस ऑडिटोरियम में आयोजित नौ दिवसीय “गुड बाय टेंशन अलविदा तनाव शिविर” का भव्य समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन तनावमुक्ति विशेषज्ञा ब्रह्माकुमारी पूनम दीदी, जो इंदौर से पधारी थीं, ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे हर विचार में ऊर्जा होती है और यही ऊर्जा हमारे पूरे शरीर और जीवन पर गहरा प्रभाव डालती है। उन्होंने सकारात्मक विचारों और आत्मचिंतन को तनाव से मुक्ति का सशक्त साधन बताया।

शिविर की मुख्य प्रेरणास्रोत एवं भिलाई सेवाकेंद्रों की निदेशिका आशा दीदी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि जीवन में सच्चे सुख और शांति के लिए परमात्म ज्ञान और आध्यात्मिक शक्ति की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जैसे बाहरी सौंदर्य देखने के लिए दर्पण आवश्यक है, वैसे ही अंदर की आत्मिक स्थिति जांचने के लिए आध्यात्मिक दर्पण की जरूरत होती है।

शिविर समापन अवसर पर “गुड बाय टेंशन अलविदा तनाव उत्सव” धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भिलाईवासियों के जीवन में व्याप्त तनाव और चिंता को अलविदा कहते हुए सभी ने गीतों के माध्यम से अपने मनोभाव व्यक्त किए। कार्यक्रम में “चल उड़ जा रे पंछी…”, “हम तो चले परदेश…”, “तेरी गलियों में ना रखेंगे कदम…” जैसे गीतों ने वातावरण को भावुक कर दिया और तनाव को विदाई देने का संदेश दिया।

अंत में सभी प्रतिभागियों ने दो मिनट परमात्म याद में ध्यान करते हुए शेष बचा हुआ तनाव प्रतीकात्मक रूप से गुब्बारों के रूप में आकाश में छोड़ दिया। इस दौरान पूरे ऑडिटोरियम में खुशी, आनंद और उमंग की लहर दौड़ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *