दुर्ग-भिलाई। दुर्ग जिले के समोदा और झेनझरी गांव में भाजपा नेता के फार्महाउस में अवैध अफीम की खेती उजागर होने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। पुलिस और प्रशासन ने रविवार को खेत में उगाई गई अफीम की फसल नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी। पहले पुलिस जवानों की मदद से पौधे उखाड़े गए, लेकिन काम में अधिक समय लगने के कारण बाद में बुलडोजर की सहायता से पौधों को नष्ट किया जा रहा है। यह कार्रवाई सोमवार को भी जारी रहने वाली है। इस मामले को लेकर कांग्रेस जहां राज्य सरकार पर हमलावर है, वहीं भाजपा विधायक रिकेश सेन ने आरोप लगाया कि अफीम की खेती की शुरुआत कांग्रेस सरकार के समय हुई थी। उन्होंने कहा कि गांव में पिछले चार साल से खेती होने की बात सामने आ रही है, जबकि भाजपा सरकार को बने अभी दो साल ही हुए हैं।
विधायक बोले- जब बीज बोए जा रहे थे तब आना चाहिए था
विधायक रिकेश सेन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को उस समय आना चाहिए था, जब अफीम के बीज बोए जा रहे थे या पौधे लगाए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि वहां मिले पौधों की ऊंचाई करीब तीन फीट है, जिससे स्पष्ट है कि यह खेती काफी समय से हो रही है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा इस विषय पर विधानसभा में चर्चा के लिए भी तैयार है।
अफीम की खेती पर सियासत तेज
दरअसल, समोदा–झेनझरी गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के फार्महाउस में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित अफीम की खेती का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर भाजपा नेता समेत राजस्थान के कुछ मजदूरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी अफीम के खेत में पहुंचे और निरीक्षण किया। उन्होंने प्रदेश में नशे को बढ़ावा मिलने का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा। इसके बाद भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर कांग्रेस पर सवाल उठाए। उधर कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा को घेरने की रणनीति बनाई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस कमेटी सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है।
5 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में मिली अफीम की खेती
पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में समोदा–झेनझरी के बीच स्थित फार्महाउस से करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में लगी अफीम की फसल जब्त की गई है। अधिकारियों के अनुसार खेत से करीब 14 लाख 30 हजार पौधे मिले हैं, जिनका कुल वजन लगभग 62 हजार किलोग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपए बताई जा रही है। मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार, उसके सहयोगी विकास बिश्नोई और फार्महाउस के मुंशी मनीष ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दो अन्य आरोपी आंचला राम और श्रवण बिश्नोई की तलाश में पुलिस की टीम राजस्थान भेजी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और खेत में मौजूद अफीम की फसल को पूरी तरह नष्ट करने की कार्रवाई जारी है।