रायपुर की डिफेंस एकेडमी में युवतियों से बर्बरता, वीडियो वायरल : इंसानियत को शर्मसार करने वाला दृश्य, आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक डिफेंस ट्रेनिंग सेंटर के नाम पर युवतियों के साथ बर्बरता करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दो वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वीडियो रायपुर की पावर डिफेंस एकेडमी का बताया जा रहा है, जहां ट्रेनर गौरव कुमार युवतियों के साथ अमानवीय बर्ताव करते दिख रहा है।

वायरल वीडियो में एक युवक एक युवती के ऊपर खड़ा है, जबकि वह डर के मारे कांप रही है। दूसरे वीडियो में एक अन्य युवती के पेट पर पैर रखकर ट्रेनर खड़ा नजर आता है। दोनों ही दृश्य न सिर्फ प्रशिक्षुओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करते हैं, बल्कि महिला सम्मान और मानवता के खिलाफ भी हैं।

एक लड़की वीडियो में सहमी हुई नजर आ रही है, लेकिन इसके बावजूद ट्रेनर अपनी हिंसक हरकतें नहीं रोकता। यह घटना लोगों के बीच गुस्से और चिंता का विषय बन गई है।

लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। लोगों ने ट्रेनर गौरव कुमार के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी मांग उठ रही है कि ऐसी डिफेंस एकेडमियों में महिला प्रतिभागियों के लिए महिला ट्रेनर की अनिवार्यता को लेकर स्पष्ट नियम लागू किए जाएं।

महिला संगठनों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसी संस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग हो और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार

अब तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही जांच शुरू कर कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर से यह सोचने पर मजबूर करती है कि महिला सुरक्षा और प्रशिक्षण संस्थानों में निगरानी व्यवस्था कितनी जरूरी है। यह मामला न केवल कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी से भी जुड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *