CAF भर्ती 2018: 7 साल बाद भी वेटिंग लिस्ट के 417 अभ्यर्थी बेरोजगार, गृहमंत्री आवास के बाहर धरना; पुलिस से झड़प

रायपुर। छत्तीसगढ़ आर्म्स फोर्ड (CAF) में वर्ष 2018 में निकली भर्ती एक बार फिर विवादों में आ गई है। 1786 पदों के लिए हुई इस भर्ती में करीब 417 अभ्यर्थी वेटिंग लिस्ट में शामिल थे, जिन्हें सात साल बीत जाने के बावजूद नौकरी नहीं मिल पाई है। यह स्थिति तब है, जब CAF में वर्तमान में 3 हजार से अधिक पद रिक्त बताए जा रहे हैं। लंबे इंतजार और अनिश्चितता के चलते कई अभ्यर्थी उम्मीद छोड़कर दूसरे करियर विकल्प तलाशने को मजबूर हो चुके हैं। वेटिंग लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है कि वे बीते सात वर्षों से लगातार सरकारी दफ्तरों और मंत्रियों के बंगलों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं निकल पाया। पिछले एक महीने से अभ्यर्थी अपने परिवार और बच्चों के साथ तूता धरना स्थल पर बैठे हुए हैं। मंगलवार को चौथी बार वे अपनी मांगों को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा के सदन पहुंचे, जहां कैंडिडेट्स और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोंक-झोंक हो गई।

अभ्यर्थियों ने गृहमंत्री का बंगला घेर रखा है और मुलाकात व ठोस चर्चा की मांग पर अड़े हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा धरनास्थल खाली कराने की कोशिश की जा रही है। कैंडिडेट्स का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान महिलाओं और बच्चों पर भी जोर आजमाइश की गई, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। विवाद के बीच अभ्यर्थियों का साफ कहना है कि वे गृहमंत्री से मुलाकात और स्पष्ट आश्वासन के बिना पीछे हटने वाले नहीं हैं। कैंडिडेट्स के मुताबिक, पहले दो मौकों पर गृहमंत्री विजय शर्मा से मुलाकात के दौरान उन्हें आश्वासन मिला था, लेकिन तीसरी बार मुलाकात नहीं हो सकी। अब चौथी बार भी बात नहीं बन पाने से नाराज अभ्यर्थियों ने आंदोलन तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *