
रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) सहायक कमांडेंट भर्ती परीक्षा 19 जुलाई को रायपुर जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी, जिसमें कुल 1704 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा से पहले सभी अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग (सुरक्षा जांच) और फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें और संघ लोक सेवा आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए।
प्रशासन के अनुसार, परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण 19 जुलाई को जिला कोषालय से किया जाएगा। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर नवीन ठाकुर को समन्वयक पर्यवेक्षक, डिप्टी कलेक्टर उत्तम प्रसाद रजक को सहायक समन्वयक पर्यवेक्षक तथा रोजगार अधिकारी केदारनाथ पटेल को कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। पहली पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 9:30 बजे तथा दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक केंद्र में उपस्थित होने को कहा गया है, ताकि फ्रिस्किंग, फेस ऑथेंटिकेशन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा की पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा सभी केंद्रों पर आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।