
पंचशील नगर स्थित चंद्रशेखर आजाद स्कूल की घटना, पुलिस और शिक्षा विभाग कर रहे मामले की जांच
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के एक सरकारी स्कूल में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ स्कूली बच्चों ने कथित तौर पर नींद की गोलियों का सेवन कर लिया। घटना में पांच छात्रों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी बच्चों का उपचार जारी है और उनकी हालत पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी रखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह मामला दुर्ग शहर के पंचशील नगर स्थित चंद्रशेखर आजाद स्कूल का है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक छात्र अपने साथ नींद की गोलियां स्कूल लेकर आया था। बाद में अन्य बच्चों ने भी गोलियां खा लीं, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होते देख स्कूल प्रबंधन ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और बच्चों को अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन सक्रिय हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घटना के हर पहलू की निष्पक्ष जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
इधर, स्कूल प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि छात्र के पास नींद की गोलियां कहां से आईं, वह उन्हें स्कूल तक कैसे लेकर पहुंचा और किन परिस्थितियों में अन्य बच्चों ने उनका सेवन किया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, दवाइयों की पहुंच और निगरानी व्यवस्था को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। शिक्षा विभाग ने भी पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।