
रायपुर। राजधानी रायपुर में शराब पीने के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक कारपेंटर पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना बंगाली चाय दुकान के पास की बताई जा रही है। आरोप है कि आदतन अपराधी अभय रक्सेल ने कारपेंटर अमन पटेल की कॉलर पकड़कर उसके शरीर पर चाकू से करीब 6 वार किए। हमले में अमन के बाएं हिस्से और जांघ में चोटें आई हैं। घायल को उपचार के लिए AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी वारदात दुकान के पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। आजाद चौक पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
चाय पीने गया था कारपेंटर, आरोपी ने मांगे शराब के पैसे
आजाद चौक पुलिस के मुताबिक, अमन पटेल रामसागर पारा का रहने वाला है और कारपेंटर का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि 31 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह बंगाली चाय दुकान पर चाय पीने गया था। इसी दौरान एक युवक उसके पास पहुंचा और उसका नाम-पता पूछने लगा। इसके बाद युवक ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। अमन ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर चाकू से किया हमला
पीड़ित के मुताबिक, जब उसने आरोपी की हरकत का विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने अमन के बाएं पसली वाले हिस्से और बाईं जांघ पर कई वार किए। हमले के बाद अमन के शरीर से खून निकलने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
चाय दुकान के पास लगे CCTV कैमरे में हमले की घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी युवक पीड़ित की कॉलर पकड़कर उसके साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह नुकीली वस्तु से पीड़ित पर हमला करता नजर आता है। पुलिस ने CCTV फुटेज को जांच में शामिल कर लिया है। शुरुआती जांच में विवाद की वजह शराब पीने के लिए पैसे मांगना सामने आई है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सहायक पुलिस आयुक्त ईशू अग्रवाल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अभय रक्सेल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।