केंद्र ने छत्तीसगढ़ के विकास को दिया पूरा सहयोग का भरोसा, लखपति दीदी महासम्मेलन में आएंगे प्रधानमंत्री मोदी: सीएम साय

केंद्र ने छत्तीसगढ़ के विकास को दिया पूरा सहयोग का भरोसा, लखपति दीदी महासम्मेलन में आएंगे प्रधानमंत्री मोदी: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तीन दिवसीय दिल्ली दौरे के बाद रायपुर लौट आए हैं। राजधानी पहुंचने पर उन्होंने अपने दौरे को छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के विकास कार्यों में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छत्तीसगढ़ आने का निमंत्रण दिया है, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया है। आगामी लखपति दीदी महासम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी के शामिल होने की संभावना है।

राष्ट्रपति भवन में बस्तर प्रतिनिधिमंडल का सम्मान

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि दौरे के पहले दिन उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उनके साथ गृह मंत्री विजय शर्मा, बस्तर क्षेत्र के जनजातीय प्रतिनिधि, पद्मश्री सम्मानित हस्तियां, बस्तर पंडुम के विजेता तथा बस्तर दशहरा से जुड़े मांझी और चालकी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार इतने बड़े जनजातीय प्रतिनिधिमंडल का राष्ट्रपति भवन में स्वागत हुआ। राष्ट्रपति ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया और राष्ट्रपति भवन के प्रतीक चिह्न भेंट किए। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति भवन में दोपहर का भोजन भी किया।

प्रधानमंत्री से विकास परियोजनाओं पर चर्चा

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने बस्तर के नक्सल मुक्त गांवों में विद्युतीकरण के लिए लंबित प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव में प्रस्तावित यूरिया संयंत्र के लिए राज्य सरकार ने 421 एकड़ भूमि उपलब्ध करा दी है और इसकी स्वीकृति भी केंद्र से मांगी गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में आयुर्वेदिक एम्स स्थापित करने का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा गया। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया।

लखपति दीदी महासम्मेलन में शामिल होंगे प्रधानमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि राज्य सरकार महिला स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से लखपति दीदी महासम्मेलन आयोजित करने जा रही है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को औपचारिक निमंत्रण दिया गया है और उन्होंने इसे स्वीकार कर लिया है। राज्य सरकार इसे महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में बड़ा आयोजन मान रही है।

केंद्रीय मंत्रियों से भी हुई महत्वपूर्ण मुलाकातें

दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर बस्तर क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विशेष प्रावधान की मांग की। उन्होंने सुझाव दिया कि बस्तर में 10 किलोमीटर की बसाहट परिधि को एक इकाई मानकर सड़क स्वीकृत की जाए। उन्होंने सार्वजनिक वितरण एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के समक्ष छत्तीसगढ़ से प्रतिमाह 5 लाख मीट्रिक टन चावल उठाव का अनुरोध भी रखा। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से मुलाकात में बस्तर के 461 ऐसे गांवों में बिजली पहुंचाने के लिए विशेष वित्तीय सहयोग पर चर्चा हुई, जहां अब तक विद्युत सुविधा नहीं पहुंच सकी है।

महानदी जल विवाद पर समाधान की दिशा में प्रगति

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा के साथ वर्षों से लंबित महानदी जल बंटवारा विवाद के समाधान की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ हुई बैठक में केंद्रीय जल आयोग को तीन महीने के भीतर रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य के हितों और अधिकारों को ध्यान में रखते हुए जल्द समाधान निकल सकेगा।

नई रेल परियोजनाओं को मिली गति

मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कई रेल परियोजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेल लाइन परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। लगभग 295 किलोमीटर लंबी यह लाइन कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और बैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक जाएगी। इसके अलावा अंबिकापुर-धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा तथा अंबिकापुर-बरवाडीह रेल लाइन को भी स्वीकृति देने का आग्रह किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य के कई ऐसे जिले रेल नेटवर्क से जुड़ सकेंगे जो अब तक रेल सेवा से वंचित हैं।

विकास योजनाओं के लिए अहम रहा दिल्ली दौरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह दौरा छत्तीसगढ़ के लिए कई नई संभावनाएं लेकर आया है। बस्तर के विकास, आधारभूत संरचना, ऊर्जा, कृषि, रेल संपर्क और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी अनेक योजनाओं को केंद्र स्तर पर सकारात्मक समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन प्रस्तावों के मूर्त रूप लेने से छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति मिलेगी और राज्य को केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग प्राप्त होता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *