धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कंडेल में बीती रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद के दौरान एक नाबालिग द्वारा युवक पर चाकू से हमला किए जाने की बात सामने आई है। गले में गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक रात में खाना खाने के बाद गोठान मैदान की ओर टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान उसका विवाद हुआ और चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
वारदात के बाद थाने पहुंचा नाबालिग
घटना के बाद कथित नाबालिग आरोपी अर्जुनी थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब हत्या के कारण, विवाद की वजह और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
आरोपी की उम्र और कद को लेकर परिजनों को संदेह
मृतक के परिजनों ने कथित आरोपी की उम्र और कद को लेकर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच की जानी चाहिए, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके।
फिलहाल अर्जुनी पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।