CG Election 2026: नगरपालिका-पंचायत उपचुनाव की तैयारी शुरू, 30 नवंबर को अंतिम निर्वाचक नामावली होगी प्रकाशित

नगरपालिका के 417 और त्रिस्तरीय पंचायतों के 814 पदों के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी
रायपुर, 30 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर ने दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरपालिका एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने 29 सितंबर 2026 को निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह के अनुसार, नगरपालिका आम निर्वाचन के लिए कुल 417 पदों के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण किया जाएगा। इनमें 04 नगरपालिक निगम—भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली एवं बीरगांव के महापौर पद, 13 अध्यक्ष पद और 400 पार्षद पद शामिल हैं। वहीं उप निर्वाचन के लिए 01 अध्यक्ष एवं 06 पार्षद पदों की निर्वाचक नामावली भी तैयार की जाएगी।

इसी प्रकार त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए कुल 814 पदों के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। इनमें जनपद पंचायत सदस्य के 01, सरपंच के 92 तथा पंच के 721 पद शामिल हैं।
निर्वाचक नामावली 01 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर तैयार की जाएगी। इसका प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा, जिसके बाद दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों के निराकरण के बाद निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य के सभी 33 जिलों में एक-एक निर्वाचक नामावली प्रेक्षक, कुल 33 प्रेक्षक नियुक्त किए जाएंगे।

मुख्य तथ्य:

नगरपालिका आम निर्वाचन: 417 पद
नगर निगम महापौर: 4 पद
नगरपालिका अध्यक्ष: 13 पद
पार्षद: 400 पद
नगरपालिका उप निर्वाचन: 1 अध्यक्ष, 6 पार्षद
त्रिस्तरीय पंचायत: 814 पद
जनपद पंचायत सदस्य: 1 पद
सरपंच: 92 पद
पंच: 721 पद
संदर्भ तिथि: 1 अक्टूबर 2026
प्रारंभिक प्रकाशन: 23 अक्टूबर 2026
अंतिम प्रकाशन: 30 नवंबर 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *