CGPSC 2024 रिज़ल्ट जारी: दुर्ग के देवेश साहू टॉपर, सब्ज़ी बेचने वाले की बेटी चंचल पैकरा ने ST वर्ग में किया टॉप; पहली बार फेसलेस इंटरव्यू

CGPSC 2024 रिज़ल्ट जारी: दुर्ग के देवेश साहू टॉपर, सब्ज़ी बेचने वाले की बेटी चंचल पैकरा ने ST वर्ग में किया टॉप; पहली बार फेसलेस इंटरव्यू

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2024 का फाइनल रिज़ल्ट 20 नवंबर की देर रात जारी कर दिया। इस बार टॉप-10 में लड़कों का दबदबा रहा, जबकि दो लड़कियों ने भी स्थान बनाया। दुर्ग के देवेश प्रसाद साहू ने प्रदेश में टॉप किया है। इस परीक्षा में पहली बार फेसलेस इंटरव्यू लागू किया गया, जिससे चयन प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने की कोशिश की गई।
सब्जी बेचने वाले की बेटी चंचल पैकरा ST वर्ग में टॉपर
सरगुजा के सीतापुर की रहने वाली चंचल पैकरा ने अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग में पहला स्थान हासिल किया है। चंचल किसान परिवार से आती हैं, जहां पिता रघुवर पैकरा और मां सब्जी बेचकर घर चलाते हैं। बेटी की पढ़ाई में कोई कमी न आए, इसके लिए पिता ने जमीन बेचकर उसकी कोचिंग की व्यवस्था की थी।.बीई सिविल की पढ़ाई के बाद चंचल ने PSC की तैयारी शुरू की। पहली बार में प्री परीक्षा नहीं निकल पाई, लेकिन हिम्मत नहीं हारी। दोबारा तैयारी कर प्री, मेन्स और इंटरव्यू तीनों पार करते हुए उन्होंने ओवरऑल 204वीं रैंक हासिल की और ST वर्ग में टॉप किया। उन्हें डिप्टी कलेक्टर पद मिलना तय माना जा रहा है।
मयंक मंडावी ST कैटेगरी में दूसरे स्थान पर
सरगुजा जिले के ही मयंक मंडावी ने ST कैटेगरी में दूसरा रैंक हासिल किया है। उनका ओवरऑल रैंक 210 है। मयंक पहले से GST इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ थे, लेकिन उन्होंने एक बार फिर परीक्षा दी और बेहतर रैंक के साथ डिप्टी कलेक्टर बनने का रास्ता बनाया।.यंक फॉरेस्ट कर्मी रमेश सिंह मंडावी के बेटे हैं और शुरुआत से ही मेधावी रहे हैं।
•महिला उम्मीदवारों में बिलासपुर की शताक्षी पांडेय अव्वल

बिलासपुर की शताक्षी पांडेय ने छठवां रैंक हासिल करते हुए टॉप-10 में जगह बनाई। फीमेल कैंडिडेट्स में वे पहले स्थान पर रहीं। यह उनका तीसरा प्रयास था। शताक्षी आगे चलकर वित्त विभाग में सेवा देना चाहती हैं।
पहले ही प्रयास में रोहित यादव का कमाल – 54वीं रैंक
रायगढ़ के रोहित यादव ने अपने पहले ही प्रयास में 54वीं रैंक हासिल की है। किसान परिवार से आने वाले रोहित की शुरुआती पढ़ाई मामा के घर में हुई। दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने बिलासपुर में तैयारी की और दो साल में यह सफलता अर्जित की।
पहली बार ‘फेसलेस इंटरव्यू’ लागू
इस बार PSC ने इंटरव्यू प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया।
10 से 20 नवंबर तक हुए इंटरव्यू में फेसलेस इंटरव्यू सिस्टम अपनाया गया।इंटरव्यू पैनल को उम्मीदवार की पहचान नहीं बताई गई। प्त्येक अभ्यर्थी को कोड नंबर दिया गया। इसे चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।रिज़ल्ट जारी होते ही CGPSC की वेबसाइट कुछ देर के लिए क्रैश भी हो गई। इंटरव्यू के लिए कुल 643 उम्मीदवार शामिल हुए थे। अभ्यर्थी मेरिट लिस्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *