
रायपुर। देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत आर्थिक नेटवर्क के निर्माण की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। सड़क, रेल, बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स को एकीकृत कर भारत को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने की कोशिशों के बीच रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर एक ऐतिहासिक परियोजना बनकर उभर रहा है। यह कॉरिडोर केवल दो शहरों को जोड़ने वाली सड़क परियोजना नहीं, बल्कि “नए भारत की नई रफ्तार” का प्रतीक माना जा रहा है।
यह महत्वाकांक्षी कॉरिडोर छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश को निर्बाध संपर्क से जोड़ते हुए मध्य भारत को सीधे पूर्वी समुद्री तट से कनेक्ट करेगा। प्रधानमंत्री की “गति शक्ति” और “आत्मनिर्भर भारत” की सोच को जमीन पर उतारने वाली इस परियोजना से औद्योगिक विकास, व्यापार, निवेश और रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
उद्योगों और व्यापार को मिलेगा नया विस्तार
विशाखापट्टनम बंदरगाह तक सीधी कनेक्टिविटी मिलने से छत्तीसगढ़ के उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक आसान पहुंच मिलेगी। इससे माल परिवहन तेज, सुरक्षित और कम खर्चीला होगा। उद्योगों को कच्चा माल समय पर उपलब्ध होगा और तैयार उत्पाद तेजी से बाजार तक पहुंच सकेंगे।
राज्य के रायपुर, दुर्ग, भिलाई, धमतरी, कांकेर और जगदलपुर जैसे क्षेत्रों में नए औद्योगिक क्लस्टर्स विकसित होने की संभावना है। स्टील, सीमेंट, एल्युमिनियम, फूड प्रोसेसिंग और एमएसएमई सेक्टर को बड़ा फायदा मिलेगा। इससे घरेलू और विदेशी निवेशकों का रुझान भी तेजी से बढ़ेगा।
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा संबल
इतनी बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना के निर्माण से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। सड़क निर्माण, लॉजिस्टिक पार्क, वेयरहाउसिंग और परिवहन सेवाओं के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन पर रोक लगेगी।विशेष रूप से बस्तर संभाग के लिए यह परियोजना परिवर्तनकारी साबित हो सकती है। बेहतर सड़क और व्यापारिक संपर्क से वन उत्पाद, हस्तशिल्प और कृषि उपज को बड़े बाजार मिलेंगे, जिससे आदिवासी समुदायों की आय में बढ़ोतरी होगी।
किसानों और पर्यटन उद्योग को भी लाभ
बेहतर परिवहन व्यवस्था से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। परिवहन लागत घटने से धान, मक्का, दलहन और वनोपज उत्पादकों को बेहतर लाभ मिलेगा। इसके साथ ही चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी और सिरपुर जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटन उद्योग को भी नई उड़ान मिलेगी। होटल, स्थानीय परिवहन, गाइड और हस्तशिल्प व्यवसाय से जुड़े लोगों की आय बढ़ने की संभावना है।
छत्तीसगढ़ बनेगा नया औद्योगिक हब
विशेषज्ञों के अनुसार रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र के रूप में स्थापित कर सकता है। मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर ही सशक्त अर्थव्यवस्था की नींव होता है और यह परियोजना राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सामर्थ्य रखती है। नए भारत की नई रफ्तार” का यह कॉरिडोर न केवल राज्यों को जोड़ेगा, बल्कि विकास, समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई इबारत भी लिखेगा।