बिलासपुर। बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) में लॉ स्टूडेंट्स के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के चलते यह विवाद बढ़ा, जिसके बाद कैंपस में तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, कुछ छात्रों के बीच इंस्टाग्राम पर धार्मिक और सामाजिक विषयों को लेकर अभद्र टिप्पणियां की गईं। आरोप है कि इन टिप्पणियों में भगवान राम, डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। जब इन चैट्स के स्क्रीनशॉट वायरल हुए, तो अन्य छात्रों में आक्रोश फैल गया।
विवाद बढ़ने पर शुक्रवार देर रात स्वामी विवेकानंद हॉस्टल के सामने छात्र एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी दौरान कहासुनी मारपीट में बदल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ छात्र आपस में झगड़ते दिखाई दे रहे हैं। मामले में प्रियांशु सिंह, कौस्तुभ मणि पांडेय, अंशुमान सिंह और तोफान चंद्रनायक के नाम सामने आए हैं। यूनिवर्सिटी के केंद्रीय सुरक्षा अनुभाग ने कोनी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए संबंधित छात्रों के खिलाफ FIR की मांग की है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन के अनुसार, इस घटना से कुछ छात्रों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। वहीं, कुलसचिव अश्वनी दीक्षित ने कहा कि यह छात्रों के बीच का आपसी विवाद है, जिसकी जांच के लिए बैठक बुलाई गई है और रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इधर, घटना के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विश्वविद्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गौरतलब है कि हाल के समय में कैंपस में इस तरह के विवादों की घटनाएं सामने आने के बाद विश्वविद्यालय की व्यवस्था और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।