Chhattisgarh बजट LIVE : पेंशन फंड के लिए राशि का प्रावधान, खुलेंगे स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय, पुलिस में 6000 भर्तियां,कर्मचारियों के लिए कैसलेस चिकित्सा सुविधा सहित बस्तर फाइटर्स के 1500 पद स्वीकृत

रायपुर, 24 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज पेश बजट में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शिक्षा, सुरक्षा और कर्मचारी हितों को लेकर कई बड़े ऐलान किए। बजट में पेंशन फंड के लिए राशि का प्रावधान करते हुए सरकार ने कर्मचारियों को राहत देने का संकेत दिया है। वित्त मंत्री ने बताया कि पिछले बजट में गठित पेंशन फंड को इस वर्ष वित्तीय मजबूती दी गई है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के संयुक्त समय के पेंशनरों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। इससे हजारों पेंशनरों को सीधा लाभ मिलेगा।
शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा निर्णय लेते हुए राज्य में स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट विद्यालय खोले जाने की घोषणा की गई है। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही शाला विहीन स्कूलों में भवन निर्माण कराया जाएगा, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी।

सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए बस्तर फाइटर्स में 1500 पदों पर भर्ती की घोषणा की गई है। वहीं पुलिस विभाग में 6000 पदों पर बंपर भर्तियां होंगी। बालोद, बेमेतरा, सक्ती सहित पांच जिलों में पांच नए साइबर थाना खोले जाएंगे, जिससे साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। इसके अलावा जमीन संबंधी प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए साइबर तहसील के गठन की भी घोषणा की गई है। कुल मिलाकर बजट में शिक्षा, सुरक्षा और कर्मचारी हितों को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *