पाटन। वर्ष 2026-27 के राज्य बजट को लेकर पूर्व उपाध्यक्ष जिला पंचायत दुर्ग एवं विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने बजट को निराशाजनक बताते हुए कहा कि यह आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा है। अशोक साहू ने कहा कि बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए ठोस एवं प्रभावी प्रावधानों का अभाव स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। बड़ी-बड़ी घोषणाएं जरूर की गई हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर राहत पहुंचाने वाली योजनाओं का कोई स्पष्ट खाका नजर नहीं आता। उन्होंने धान खरीदी, रोजगार सृजन और ग्रामीण अधोसंरचना जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस नीति और स्पष्ट कार्ययोजना की आवश्यकता है। केवल आंकड़ों और शब्दों के सहारे प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है।
अशोक साहू ने आगे कहा कि प्रदेश की जनता को राहत, समर्थन मूल्य में वृद्धि, रोजगार के अवसर और महंगाई से निजात की उम्मीद थी, लेकिन बजट में इन मुद्दों पर कोई ठोस समाधान प्रस्तुत नहीं किया गया। उन्होंने सरकार से जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर ठोस कदम उठाने की मांग की है।