छग कैबिनेट बैठक-शहादत को सम्मान और सौर ऊर्जा नीति में बड़ा बदलाव

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता मे मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में हुई कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सबसे पहले, मंत्रिपरिषद ने सुकमा जिले में 9 जून 2025 को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बम विस्फोट में शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपूंजे की शहादत और अदम्य वीरता को नमन करते हुए उनकी पत्नी श्रीमती स्नेहा गिरेपूंजे को विशेष प्रकरण मानते हुए राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का फैसला किया।

बैठक में राज्य की सौर ऊर्जा नीति में बड़े संशोधन को भी मंजूरी दी गई। नई व्यवस्था के तहत यह नीति अब वर्ष 2030 तक लागू रहेगी। सौर ऊर्जा परियोजनाओं को औद्योगिक नीति के तहत प्राथमिकता उद्योग का दर्जा दिया जाएगा। निवेशकों को ब्याज अनुदान, पूंजी लागत अनुदान, जीएसटी प्रतिपूर्ति, बिजली व स्टाम्प शुल्क में छूट, भूमि उपयोग शुल्क में रियायत, भूमि बैंक से जमीन लेने पर छूट सहित कई प्रोत्साहन दिए जाएंगे। विशेष रूप से अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और तृतीय लिंग समुदाय के उद्यमियों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा।

इसके अलावा, सुश्री रीता शांडिल्य को लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंत्रिपरिषद ने स्वीकृति दी। वे वर्तमान में लोक सेवा आयोग की सदस्य एवं कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

बैठक में वरिष्ठ मीडिया कर्मियों को राहत देने का निर्णय भी लिया गया। अब सेवानिवृत्त मीडिया कर्मियों को दी जाने वाली सम्मान निधि 10 हजार रुपए प्रतिमाह से बढ़ाकर 20 हजार रुपए प्रतिमाह कर दी जाएगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025-26 के बजट में पहले ही की थी, जिसे अब कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *