भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को अहम जिम्मेदारी: रूपकुमारी चौधरी महिला मोर्चा अध्यक्ष, दीपक म्हस्के बने सोशल मीडिया संयोजक

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को अहम जिम्मेदारी: रूपकुमारी चौधरी महिला मोर्चा अध्यक्ष, दीपक म्हस्के बने सोशल मीडिया संयोजक

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संगठन में व्यापक फेरबदल करते हुए नई टीम की घोषणा कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा घोषित नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कुल 65 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों को प्रदेश भाजपा संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इससे राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।

महिलाओं के लिए जमीनी स्तर तक काम करने का संकल्प

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि वे पूरी योजना और स्पष्ट कार्ययोजना के साथ काम करेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ग्राउंड लेवल तक पहुंचकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों को गति दी जाएगी।

डिजिटल मोर्चे पर भाजपा को मजबूत करेंगे: दीपक म्हस्के

राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाए जाने पर दीपक म्हस्के ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में पार्टी की जो भी रणनीति तय होगी, उसे सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। म्हस्के ने कहा कि उनकी टीम संगठन की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतरने के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी। भाजपा की डिजिटल उपस्थिति को और सशक्त बनाने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पार्टी की पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

महिला नेतृत्व और संगठन को मिलेगा बल

राजनीतिक जानकारों के अनुसार रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय महिला मोर्चा की कमान सौंपना भाजपा द्वारा महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए दीपक म्हस्के को मिली जिम्मेदारी पार्टी की डिजिटल रणनीति को नई दिशा दे सकती है।

कई वरिष्ठ नेताओं को भी मिली जिम्मेदारी

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत, राम माधव और बैजयंत जय पांडा समेत कई प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है। वहीं राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *