रायपुर में तिरंगे के अपमान का आरोप: डस्टबिन में मिला राष्ट्रीय ध्वज, तेलीबांधा पुलिस ने दर्ज किया मामला

रायपुर में तिरंगे के अपमान का आरोप: डस्टबिन में मिला राष्ट्रीय ध्वज, तेलीबांधा पुलिस ने दर्ज किया मामला

रायपुर। राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान का मामला सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप के पास डस्टबिन में तिरंगा मिलने के बाद शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता विकास मानिकपुरी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तेलीबांधा थाना प्रभारी ने मामले में शिकायत दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राष्ट्रीय ध्वज डस्टबिन तक कैसे पहुंचा और इसे वहां किसने रखा।

पेट्रोल पंप पर डस्टबिन में मिला तिरंगा

शिकायतकर्ता के मुताबिक, 17 अगस्त 2026 की सुबह करीब 5 बजे वह अपनी कार में पेट्रोल भरवाने के लिए सैनी पेट्रोल पंप पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर पेट्रोल मशीन के पास रखे कचरे के डिब्बे पर गई। डस्टबिन के अंदर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा रखा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

15 अगस्त के बाद डस्टबिन में डालने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लगाए गए राष्ट्रीय ध्वज को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने कचरे के डिब्बे में डाल दिया। शिकायतकर्ता ने इसे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बताते हुए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश

मामले की जांच के दौरान पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल सकती है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तिरंगा वहां कब और किस व्यक्ति द्वारा रखा गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *