
दुर्ग-भिलाई। भिलाई में ऑनलाइन जुआ और सट्टा संचालन के मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के दुर्ग जिला उपाध्यक्ष चेतन चंदेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार चेतन चंदेल का नाम पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पूछताछ के दौरान सामने आया था। पुलिस ने बताया कि 31 मई को थाना छावनी क्षेत्र के कसाई मोहल्ला स्थित नहर किनारे कुएं के पास ऑनलाइन जुआ और सट्टा खिलाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आतिश गौर और नियाज अहमद को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन जब्त किए गए थे।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने मेमोरेंडम कथन में चेतन चंदेल का नाम लिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके आधार पर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। मामले में थाना छावनी में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पहले भी विवादों में रह चुका है चेतन चंदेल
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चेतन चंदेल का नाम पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ जुआ, सट्टा, मारपीट और छेड़छाड़ जैसे मामलों में करीब नौ बार चालानी कार्रवाई की जा चुकी है। इसके अलावा बालोद जिले में दर्ज बलवा के दो मामलों में भी उसकी संलिप्तता बताई गई है।
सीएसपी से बहस का वीडियो हुआ था वायरल
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले चेतन चंदेल और भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। 21 मई को शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के पदाधिकारी स्मृति नगर चौकी पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी। पुलिस के अनुसार चेतन चंदेल और उसके साथियों पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, नारेबाजी करने और पुलिस कर्मियों से दुर्व्यवहार करने के आरोप लगे थे। घटना के बाद स्मृति नगर चौकी में बलवा, शासकीय कार्य में बाधा और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल हुआ था। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा प्रकरण की जांच जारी है और मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।