
रायपुर। श्रमिकों के डिजिटल सत्यापन के मामले में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश में पंजीकृत अकुशल श्रमिकों की ई-केवाईसी में 91.37 प्रतिशत उपलब्धि के साथ छत्तीसगढ़ बड़े राज्यों में पहले स्थान पर पहुंच गया है। वहीं कुशल और अर्द्धकुशल श्रमिकों के सत्यापन में 82.28 प्रतिशत उपलब्धि के साथ सभी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। केंद्र सरकार की 3 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश में करीब 80 लाख पंजीकृत श्रमिकों में से 73 लाख से अधिक का ई-केवाईसी सत्यापन पूरा हो चुका है। दोनों श्रेणियों में छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से काफी बेहतर है।
अकुशल श्रमिकों की ई-केवाईसी में 91.37% उपलब्धि
केंद्र सरकार की रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कुल 79 लाख 23 हजार 503 अकुशल श्रमिक पंजीकृत हैं। इनमें से 76 लाख 20 हजार 979 श्रमिकों की आधार सीडिंग हो चुकी है, जबकि 72 लाख 39 हजार 364 श्रमिकों की ई-केवाईसी पूरी की जा चुकी है। इस तरह प्रदेश ने 91.37 प्रतिशत सत्यापन का लक्ष्य हासिल किया है, जबकि राष्ट्रीय औसत 61.01 प्रतिशत है। छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय औसत से 30.36 प्रतिशत अंक आगे है। देश के राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की संयुक्त सूची में लद्दाख 97.59 प्रतिशत, मिजोरम 97.42 प्रतिशत और त्रिपुरा 92.79 प्रतिशत के साथ आगे हैं। हालांकि बड़े राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ पहले स्थान पर है। पश्चिम बंगाल में 89.10 प्रतिशत, तमिलनाडु में 83.17 प्रतिशत, आंध्र प्रदेश में 81.27 प्रतिशत और मध्यप्रदेश में 63.78 प्रतिशत श्रमिकों की ई-केवाईसी हुई है।
कुशल-अर्द्धकुशल श्रमिकों के सत्यापन में भी आगे
कुशल और अर्द्धकुशल श्रमिकों की ई-केवाईसी में भी छत्तीसगढ़ का प्रदर्शन बेहतर रहा है। प्रदेश में इस श्रेणी के 73 हजार 596 श्रमिकों की आधार सीडिंग और 64 हजार 87 श्रमिकों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। कुल उपलब्धि 82.28 प्रतिशत दर्ज की गई है। इस श्रेणी में राष्ट्रीय औसत महज 13.53 प्रतिशत है। छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय औसत से 68.75 प्रतिशत अंक आगे है। संयुक्त रैंकिंग में दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव 98.33 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर है, जबकि छत्तीसगढ़ दूसरे स्थान पर है। हालांकि केवल राज्यों की तुलना में प्रदेश पहले नंबर पर है। महाराष्ट्र में 56.70 प्रतिशत, कर्नाटक में 36.95 प्रतिशत, गुजरात में 27.04 प्रतिशत और मध्यप्रदेश में 16.47 प्रतिशत श्रमिकों का सत्यापन हुआ है।
फेस ऑथेंटिकेशन से हो रही श्रमिकों की पहचान
श्रमिकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया में आधार कार्ड और पंजीयन में दर्ज जानकारी का मिलान किया जाता है। इसके बाद कार्यस्थल पर श्रमिकों की वास्तविक मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (NMMS) के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन किया जाता है। v इस व्यवस्था के तहत रोजगार सहायक मास्टर रोल में दर्ज श्रमिकों की मोबाइल के जरिए चेहरे से पहचान कर दिन में दो बार उपस्थिति दर्ज करता है। इससे फर्जी नामों पर हाजिरी लगाने और अनियमितताओं की आशंका कम करने में मदद मिलती है।
बस्तर और सरगुजा में भी लगाए गए सत्यापन शिविर
प्रदेश के दूरस्थ और कम नेटवर्क वाले इलाकों में भी ई-केवाईसी अभियान चलाया गया है। बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर श्रमिकों का डिजिटल सत्यापन कराया गया। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले श्रमिकों को भी इस प्रक्रिया से जोड़ने में मदद मिली है। डिजिटल सत्यापन में छत्तीसगढ़ की यह उपलब्धि श्रमिकों की पहचान और कार्यस्थल पर उपस्थिति को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि प्रदेश में अभी भी बड़ी संख्या में पंजीकृत श्रमिकों का ई-केवाईसी सत्यापन पूरा किया जाना बाकी है।