छत्तीसगढ़ के भूपेंद्र नाग को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी, भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर निवासी भूपेंद्र नाग को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर जारी नियुक्ति सूची में नाग को राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से छत्तीसगढ़ को भाजयुमो के राष्ट्रीय संगठन में प्रतिनिधित्व मिला है।

प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं भूपेंद्र नाग

भूपेंद्र नाग इससे पहले छत्तीसगढ़ भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक कार्यों का अनुभव रखने वाले नाग को अब राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। उनकी नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के युवा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

सात नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष

भाजपा की ओर से जारी सूची में भूपेंद्र नाग सहित सात नेताओं को भाजयुमो का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इनमें जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार, उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नागालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राज राजेंद्र सिंह और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा शामिल हैं।

तीन नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी

भाजयुमो की राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय महामंत्री पद पर भी तीन नियुक्तियां की गई हैं। ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बड़जेना, उत्तर प्रदेश के हर्ष वर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मिटल वामशी कृष्णा को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भूपेंद्र नाग की नियुक्ति से छत्तीसगढ़ के युवा मोर्चा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। अब राष्ट्रीय टीम में उनकी भूमिका पर प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *