रायपुर। देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में शुक्रवार, 20 नवंबर को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं का भव्य प्रदर्शन होगा। 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के अंतर्गत आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह में प्रदेश के लोक कलाकार सात पारंपरिक नृत्य शैलियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेंगे। शाम 5 बजे से भारत मंडपम के एम्फी थिएटर-01 में आयोजित इस समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अध्यक्षता करेंगे।
सात लोकनृत्यों से जीवंत होगी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत
समारोह का प्रमुख आकर्षण गौर नृत्य, गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ, पंथी और करमा नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। पारंपरिक वेशभूषा, लोक वाद्ययंत्रों और संगीत के साथ कलाकार प्रदेश की जनजातीय जीवनशैली, लोक आस्था और ग्रामीण परंपराओं की झलक पेश करेंगे। गौर नृत्य बस्तर की जनजातीय परंपराओं और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है, वहीं गौरा-गौरी और भोजली लोक आस्था एवं पारंपरिक उत्सवों की पहचान हैं। राउत नाचा यादव समाज की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। सुआ नृत्य महिलाओं की सामूहिक लोक अभिव्यक्ति, पंथी नृत्य सतनाम पंथ की आध्यात्मिक परंपरा और करमा नृत्य जनजातीय जीवन एवं प्रकृति के उल्लास को अभिव्यक्त करेगा।
हस्तशिल्प से लेकर कोसा सिल्क तक, छत्तीसगढ़ पवेलियन भी आकर्षण का केंद्र
भारत मंडपम में सजे छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय हुनर और विकास की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। यहां बस्तर की बेलमेटल कला, जनजातीय आभूषण, पारंपरिक हस्तशिल्प, चांपा की कोसा सिल्क, हथकरघा वस्त्र और वनोपज से तैयार हर्बल उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं। इसके साथ ही कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों के माध्यम से प्रदेश की कृषि एवं वन संपदा को प्रदर्शित किया जा रहा है। चित्रकोट जलप्रपात का 3D वर्चुअल रियलिटी अनुभव आगंतुकों को बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता से जोड़ रहा है। स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप के नवाचार भी प्रदेश में स्वरोजगार एवं उद्यमिता की संभावनाओं को सामने ला रहे हैं।
राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की पहचान को मिलेगी नई ऊंचाई
संस्कृति एवं राजभाषा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित इस समारोह का उद्देश्य प्रदेश की पारंपरिक लोक कलाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और देश-विदेश से आने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है। समारोह में उप मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विविधता, जनजातीय गौरव, पारंपरिक कला और स्थानीय प्रतिभाओं की छाप राष्ट्रीय राजधानी में छोड़ेगा।