YC न्यूज़ डेस्क/रायपुर। बस्तर अंचल में अब खेल का मैदान बदलाव, विश्वास और नई उम्मीदों की पहचान बनता जा रहा है। कभी नक्सल प्रभाव और पहुंचविहीनता के कारण चर्चा में रहने वाले गांवों में अब खेलों को लेकर उत्साह का नया माहौल दिखाई दे रहा है। इसकी प्रेरक तस्वीर सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड में आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026-27 की क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताओं में देखने को मिली, जहां महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लेकर खेल मैदान पहुंचीं और कबड्डी व रस्साकसी जैसी प्रतियोगिताओं में पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
खास बात यह रही कि खेल के प्रति जुनून के आगे महिलाओं की पारिवारिक जिम्मेदारियां भी बाधा नहीं बनीं। गोद में बच्चे और मैदान में खेल का जज्बा लिए उतरीं महिलाओं ने साबित कर दिया कि अवसर मिले तो ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं भी किसी से कम नहीं हैं। युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को एक बड़े ग्रामीण खेल उत्सव का रूप दे दिया।
बदलाव और प्रतिभा को मिल रहा नया मंच
‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित बस्तर ओलंपिक में दूरस्थ और पूर्व नक्सल प्रभावित गांवों के खिलाड़ी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। कभी पहुंचविहीन और नक्सल प्रभावित रहे ग्राम पंचायत डब्बा से कबड्डी खेलने पहुंचीं दीपिका मुचाकी ने बताया कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों का सामुदायिक गतिविधियों से जुड़ाव बढ़ता है। साथ ही युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिलता है।
जूनियर और सीनियर वर्ग में कई खेलों की स्पर्धाएं
बस्तर ओलंपिक में जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों के लिए एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
क्लस्टर से जिला स्तर तक होगा मुकाबला
सुकमा जिले में 16 से 19 नवंबर तक क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके बाद 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तरीय मुकाबले होंगे। वहीं 26 और 27 नवंबर को सुकमा के हड़मा स्टेडियम तथा पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
बस्तर ओलंपिक के माध्यम से पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। खेल के मैदान में उमड़ता यह उत्साह बस्तर में सामाजिक जुड़ाव, सकारात्मक बदलाव और नई पहचान की एक प्रेरक तस्वीर पेश कर रहा है।