
रायपुर/दुर्ग, 20 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नई पीढ़ी का भविष्य संवारना राज्य सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है और सरकार ऐसा शिक्षा तंत्र तैयार कर रही है, जिसमें प्रदेश का कोई भी बच्चा संसाधनों या अवसरों के अभाव में पीछे न रह जाए। मुख्यमंत्री सोमवार को दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव 2026-27 में शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर और आशीर्वाद देकर स्वागत किया। विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान भी किया।
स अवसर पर मुख्यमंत्री ने कक्षा पहली, छठवीं और नवमी के विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग, पाठ्य-पुस्तकें और गणवेश वितरित किए। वहीं नवमी की छात्राओं को साइकिल प्रदान कर उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है। स्कूलों में स्मार्ट क्लास, समय पर निःशुल्क पुस्तक एवं गणवेश वितरण, अतिरिक्त पौष्टिक आहार, पालक-शिक्षक बैठक, न्योता भोज और भारतीय संस्कृति आधारित गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश का कोई भी सरकारी स्कूल शिक्षक विहीन नहीं है और दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के प्रयास जारी हैं।
दुर्ग जिले को मिली चार बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में दुर्ग जिले के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—
शिक्षा विभाग के आधुनिक कम्पोजिट कार्यालय भवन का निर्माण।
दुर्ग शहर में आधुनिक ऑडिटोरियम की स्थापना।
फुटबॉल मैदान के साथ एथलेटिक्स ट्रैक का निर्माण।
नीट और जेईई की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए 100-100 सीटर छात्र एवं छात्रा छात्रावास की स्थापना।
मुख्यमंत्री ने विद्यालय की खगोल विज्ञान प्रयोगशाला का अवलोकन किया और विद्यार्थियों के विज्ञान मॉडलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक सोच और नवाचार भविष्य के भारत की पहचान होंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया तथा स्कूली बच्चों के साथ न्योता भोज में शामिल होकर उनसे संवाद भी किया। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से कंप्यूटर शिक्षा का विस्तार किया जा रहा है। बालिकाओं के लिए आठ हजार से अधिक नए शौचालय बनाए जा रहे हैं और सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक शैक्षणिक सत्र के पहले दिन ही सभी विद्यार्थियों को पुस्तकें एवं गणवेश उपलब्ध कराए जाएं।